ICC Under 19 WC 2025- भारतीय बेटियों ने किया देश का नाम रोशन, U19 महिला टी20 वर्ल्ड कप में की जीत हासिल
- bySagar
- 03 Feb, 2025
By Jitendra Jangid- दोस्तो आपने आमीर खान कि फिल्म दबंग का एक सवांद तो सुना ही होगा कि “म्हारी छौरियां, छौरों से कम हैं क्या” इस सवांद को भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम ने साबित कर दिया हैं। आपको जानकर खुशी होगी अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप 2025 को भारतीय टीम ने अपने नाम कर लिया है। फाइनल मैच में भारत का सामना मलेशिया के कुआलालंपुर के बायुमास ओवल स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका से हुआ। भारतीय टीम ने इस मुकाबले में जीत हासिल की और शानदार जीत के साथ खिताब अपने नाम किया। यह उनकी लगातार दूसरी अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप जीत है, आइए एक नजर डालते हैं मैच के उपर-

कप्तान निक्की प्रसाद की अगुवाई में भारत ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और अजेय रहा। फाइनल में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाने में संघर्ष किया। दक्षिण अफ्रीकी टीम 20 ओवर में सिर्फ 82 रन पर आउट हो गई, जिसमें मीके वैन वूर्स्ट ने 23 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे। जेम्मा बोथा ने 16 रन बनाए, जबकि फेय काउलिंग ने 15 रन जोड़े।

भारत के गेंदबाजों ने दक्षिण अफ्रीकी पारी पर दबदबा बनाया, जिसमें गोंगडी त्रिशा ने सबसे आगे रहते हुए आक्रमण किया। त्रिशा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में मात्र 15 रन देकर 3 विकेट लिए। वैष्णवी शर्मा, आयुषी शुक्ला और पारुनिका सिसोदिया ने 2-2 विकेट लिए, जबकि शबनम शकील ने 1 विकेट लिया।

83 रनों के मामूली लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने आसानी से रन बनाए। सलामी बल्लेबाज गोंगडी त्रिशा और कमलिनी ने भारत को ठोस शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए मात्र 4.3 ओवर में 36 रन जोड़े। भारत ने मात्र 1 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और शानदार जीत दर्ज की।
अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप 2025 में भारत के उल्लेखनीय प्रदर्शन ने एक बार फिर उनकी क्रिकेट क्षमता को साबित कर दिया है ।
Disclaimer: This content has been sourced and edited from [tv9hindi].






